बेंगलुरु: सिर्फ 15 साल की उम्र में आईपीएल से लेकर इंटरनेशनल मैचों तक में गेंदबाजों के छक्के छुड़ा देने वाले स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जलवा दिलीप ट्रॉफी में भी कायम है। वैभव सूर्यवंशी ने सोमवार को दिलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में 81 गेंदों पर 92 रन की धुआंधार कप्तानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया।
सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
सूर्यवंशी अब इस टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी जड़ने वाले पहले बैटर बन गए हैं। इस दौरान वैभव ने 7 छक्के और 7 चौके भी लगाए। खासबात ये है कि ईशान किसान के चोटिल हो जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी सबसे कम्र उम्र में ईस्ट जोन की कप्तानी कर रहे हैं।
दिलीप ट्रॉफी का ये सेमीफाइनल मुकाबला बेंगलुरु में ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच चल रहा है। मैच के पहले दिन सेंट्रल जोन की टीम ने 266 रन बनाकर आउट हो गई थी जिसके बाद अब दूसरे दिन ईस्ट जोन की टीम बैटिंग कर रही है। इसी दौरान सूर्यवंशी ने कप्तानी पारी खेलते हुए 42 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया।
सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने वाले बने बैटर
वैभव ने इस मैच में शानदार पारी खेलकर 57 साल पुराना रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। इससे पहले लक्ष्मण सिंह नाम के खिलाड़ी ने साल 1969 में 16 साल और 23 दिनों की उम्र में अर्धशतक लगाया था। खासबात ये है कि इस घरेलू सीरीज में वैभव ने सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि बॉल से भी अपना जलवा बिखेरा है।
इसी टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वैभव बल्ले से तो कोई करिश्मा नहीं दिखा पाए थे लेकिन उन्होंने अपनी गेंदबाजी से क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जरूर जीत लिया था। दरअसल उन्होंने पहली बार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 11 रन देकर दो विकेट झटक लिया था। ईस्ट जोन ने इस मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट जोन को 210 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
ये भी पढ़ें: श्रीलंका से छिनी महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी, आखिर ICC ने फिर क्यों दिया झटका
2026 में सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म जारी
बता दें कि साल 2026 क्रिकेट के नजरिए से वैभव सूर्यवंशी के लिए अब तक शानदार रहा है। पहले उन्होंने आईपीएल में दुनियाभर के गेंदबाजों को पीटकर गर्दा उड़ा दिया जिसके बाद टीम इंडिया के टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के लिए स्क्वॉड में उनका चयन हो गया। अब वो दिलीप ट्रॉफी में भी अपने टैलेंट की बदौलत खूब तारीफें लूट रहे हैं।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


