गोरखपुर, 27 जुलाई। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह की कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा गोद लिए गए गांव भौवापार स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। दोनों प्रतियोगिताओं में उच्च प्राथमिक विद्यालय भौवापार के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की माननीया कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. टंडन ने कहा कि पारंपरिक खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे खेल न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों में आयोजित किए जा रहे विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इन आयोजनों से ग्रामीण विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक प्रो. सत्यपाल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह की कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत गोद लिए गए गांवों में निरंतर विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। “मेरी मां” विषयक प्रतियोगिताओं के बाद पारंपरिक खेलों का आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय खेल परंपरा से जोड़ने तथा उनमें स्वास्थ्य, सहयोग एवं सामाजिक समरसता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी एवं खो-खो के रोमांचक मुकाबलों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में विजयी खिलाड़ियों एवं टीमों को आगामी 6 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर माननीया कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय भौवापार की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन सविता चौबे ने किया, जबकि प्रधानाध्यापिका संध्या कुशवाहा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. सत्यपाल सिंह, प्रो. आमोद राय, डॉ. प्रदीप कुमार साहनी, डॉ. स्मृति मल्ल, डॉ. नुपुर सिंह, डॉ. तलहा अंसारी, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. दीपक सिंह, विनीत सिंह, बालेन्द्र यादव तथा राजेन्द्र मौर्य सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से प्रधानाध्यापिका संध्या कुशवाहा, सहायक अध्यापिका बानो, सरोज मिश्रा, सविता चौबे, योगेश राय, विजय बहादुर, दिवेन्दु सिंह, नितिन सिंह, चन्दन सिंह, रितु श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश मौर्य, गोरखनाथ दुबे, जितेन्द्र, आस्था सिंह, कुसुम गुप्ता, नीरज पाठक, शिवेन्द्र उपाध्याय, उमेश पाण्डेय, विवेकानंद सिंह, राजेश गुप्ता जय करना सिंह सहित विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।
यह भी पढ़े: https://nation27.com/states/delhi/%e0%a4%9c%e0%a5%81%e0%a4%a8%e0%a5%88%e0%a4%a6/
रिपोर्ट | मुकेश ( गोरखपुर) काजल कुमारी


