भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर आ रही दिक्कतों के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील की है। पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी इच्छा जाहिर की कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और पहाड़ के लोगों के बीच रहकर राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। उनके द्वारा किए गए ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर मजेदार कमेंट कर रहे हैं।

तीन साल से जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं पंत

ऋषभ पंत ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली है। पंत ने कहा कि वह उत्तराखंड में अपना घर बनाना चाहते हैं और पहाड़ के लोगों के बीच रहकर जीवन बिताने की इच्छा रखते हैं।

पंत का उत्तराखंड से खास जुड़ाव रहा है। उनका जन्म हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ है और वह उत्तराखंड को अपनी मातृभूमि मानते हैं। क्रिकेट की दुनिया में बड़ी पहचान बनाने के बाद भी वह कई मौकों पर उत्तराखंड के प्रति अपने लगाव का जिक्र कर चुके हैं।

पंत की इच्छा है कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड ले जाएं। उनका कहना है कि राज्य के लोगों के बीच रहकर वह उत्तराखंड के विकास में भी योगदान देना चाहते हैं।

सोशल मीडिया पर सीएम धामी से मांगी मदद

ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए जमीन खरीदने की प्रक्रिया से जुड़ी परेशानी की ओर ध्यान दिलाया। पंत की अपील के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।

पंत की पोस्ट का मूल भाव यह था कि वह उत्तराखंड में बसना चाहते हैं और इसके लिए पिछले कई वर्षों से जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में मदद की उम्मीद जताई।

सीएम धामी ने बताया उत्तराखंड का गौरव

ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत उत्तराखंड का गौरव हैं। सीएम ने पंत के अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और राज्य के विकास में योगदान देने की इच्छा को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से इस मामले को देखने की अपील की, ताकि पंत की ओर से उठाई गई समस्या पर उचित कार्रवाई की जा सके।

सीएम धामी की प्रतिक्रिया के बाद उम्मीद जगी है कि जमीन खरीदने की प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को दूर करने की दिशा में संबंधित विभाग आवश्यक कदम उठा सकते हैं।

उत्तराखंड से है ऋषभ पंत का गहरा रिश्ता

ऋषभ पंत का जन्म 4 अक्टूबर 1997 को रुड़की में हुआ था। उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत उत्तराखंड से की और बाद में घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हुए अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान कायम की।

यह भी पढ़ें- भारत-रूस तेल व्यापार पर संकट, ट्रंप को 100% टैरिफ लगाने का अधिकार

पंत ने टेस्ट, वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग ने उन्हें दुनिया के प्रमुख क्रिकेटरों में शामिल किया है।

क्रिकेट में सफलता हासिल करने के बाद भी पंत का उत्तराखंड से जुड़ाव बना रहा है। यही वजह है कि अब वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड में स्थानांतरित कर पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें- गुस्से में घर से निकली 12वीं की छात्रा, नौकरी का झांसा देकर तस्करों ने बेचा; 85 दिन बाद रेड लाइट एरिया से रेस्क्यू

ऋषभ पंत के ट्वीट पर लोगों के कमेंट
ऋषभ पंत के द्वारा किए गए ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर मजेदार कमेंट कर रहे है। सोशल मीडिया यूजर पंत के द्वारा किए गए ट्वीट को ग्रोक के जरिए स्पेलिंग मिस्टेक चेक कर रहे हैं। एक यूजर ने ग्रोक से पोस्ट में स्पेलिंग मिस्टेक के बारे में पूछा तो ग्रोक ने उनकी पोस्ट में 10 प्लस मिस्टेक बताई।

जबकि एक अन्य यूजर ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा कि “कैसे क्रिकेटर हो यार आपके पास धामी का फोन नंबर भी नहीं है” वहीं एक यूजर ने लिखा कि पुष्कर सिंह धामी सीएम है कोई प्रोपर्टी डीलर नही है। ऋषभ पंत की पोस्ट पर कुछ यूजर ने खूब मजे लेकर कमेंट किए है, जिसे पढ़कर लोग अब खूब हंस रहे है।

रिपोर्ट-सोनू सिंह @Nation27

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version