यूपी भाजपा संगठन में बड़े फेरबदल की तैयारी है और इस पर अंतिम निर्णय आज दिल्ली में होने वाली अहम बैठक में लिया जा सकता है। भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर चल रही बैठकों का सिलसिला अभी दो दिन और जारी रहने की संभावना है। इसी क्रम में शनिवार को प्रस्तावित बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन की अनुपस्थिति के कारण एक दिन के लिए टाल दी गई। हालांकि, बेंगलुरू और गाजियाबाद के कार्यक्रमों से लौटकर दिल्ली पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के साथ उनके आवास पर यूपी संगठन की प्रस्तावित सूची पर करीब दो घंटे से अधिक समय तक विस्तृत चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, अब रविवार को होने वाली बैठक में इस सूची पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है, जिसके बाद इसे सोमवार या मंगलवार तक जारी किए जाने की संभावना है। प्रदेश स्तर पर संगठन में महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, प्रवक्ता और मीडिया प्रभारियों के साथ-साथ युवा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और किसान मोर्चा के अध्यक्षों तथा छह क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर लखनऊ से दिल्ली तक कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं।प्रस्तावित नामों की सूची को अंतिम रूप दिलाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन पिछले तीन दिनों से दिल्ली में लगातार मौजूद हैं और वहीं डटे हुए हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्षों और मोर्चों पर अड़ा पेंच, भाजपा संगठन में सहमति नहीं
संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के अधिकतर नामों पर सहमति बन चुकी है, हालांकि कुछ नामों को लेकर अब भी अड़चन बनी हुई है। इसी तरह क्षेत्रीय अध्यक्षों में बदलाव और उनके समायोजन को लेकर भी सहमति नहीं बन पाई है। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश नेतृत्व से विभिन्न अनुषांगिक मोर्चों के अध्यक्षों के नाम भी मांगे हैं, लेकिन इन पदों के लिए कई दावेदार सामने आने से स्थिति और जटिल हो गई है। सूत्रों के अनुसार, उम्मीद है कि रविवार या सोमवार तक सभी मोर्चों और अन्य पदाधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।


