देश के अलग-अलग हिस्सों में क्रिकेट खेलने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक नया मंच तैयार हो गया है। सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (STCL) ने देशभर में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की तलाश के लिए अपने राष्ट्रव्यापी टैलेंट हंट अभियान की शुरुआत कर दी है। इसके तहत देश के 10 प्रमुख शहरों में फ्री ओपन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जहां युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाकर लीग तक पहुंचने का मौका हासिल कर सकेंगे।

नई दिल्ली के ली मेरिडियन होटल में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में STCL की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई। इसी दौरान देशभर में होने वाले ओपन ट्रायल और लीग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बीसीसीआई चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष चेतन शर्मा, पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा, STCL के चेयरमैन राजेश झा, वाइस चेयरमैन रवि चिकारा और डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह समेत क्रिकेट जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
चेतन शर्मा बोले- प्रतिभा को सिर्फ मौके की जरूरत
STCL के कमिश्नर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने युवा खिलाड़ियों को लेकर कहा कि देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए सही मंच नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी में कुछ बड़ा करने की क्षमता होती है, लेकिन उसे सही अवसर, अच्छी कोचिंग और मार्गदर्शन की जरूरत होती है। STCL का मकसद देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे खिलाड़ियों को तलाशना है, जिन्हें आगे बढ़ने का मौका मिल सके। चेतन शर्मा ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें और कई खिलाड़ियों को बहुत कुछ दिया है और अब युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने के लिए अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

8 फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग में कुल 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के सभी मुकाबले राजस्थान के नाथद्वारा स्थित समराज क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। लीग की सबसे खास बात इसका टैलेंट हंट अभियान है। आयोजकों के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में ओपन ट्रायल के जरिए खिलाड़ियों को चुना जाएगा और इन ट्रायल्स के लिए किसी तरह की फीस नहीं ली जाएगी।
इन 10 शहरों में होंगे ओपन ट्रायल
STCL के टैलेंट हंट अभियान को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
पहला चरण: लखनऊ, पटना और कोलकाता
दूसरा चरण: मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु
तीसरा चरण: चंडीगढ़, जयपुर और दिल्ली
इन शहरों में होने वाले ट्रायल्स में युवा क्रिकेटर अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और क्रिकेट से जुड़ी दूसरी क्षमताओं का प्रदर्शन कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया के जरिए बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को STCL के अगले स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
अशोक मल्होत्रा ने भी की पहल की तारीफ
पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा ने STCL के टैलेंट हंट अभियान को युवा क्रिकेटरों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सिर्फ सही मौके और सही मार्गदर्शन की जरूरत है। ऐसे ट्रायल्स के जरिए छोटे शहरों और उन इलाकों के खिलाड़ियों को भी आगे आने का मौका मिल सकता है, जहां उन्हें बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंचने के सीमित अवसर मिलते हैं।

चयनित खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के साथ मिलेंगी सुविधाएं
STCL के चेयरमैन राजेश झा ने कहा कि लीग का उद्देश्य सिर्फ खिलाड़ियों का चयन करना नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं और वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए यात्रा, भोजन, आवास और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेट विशेषज्ञों से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इस प्रक्रिया में पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा का मार्गदर्शन भी शामिल रहेगा। राजेश झा के मुताबिक, STCL की कोशिश है कि देश के किसी भी हिस्से में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सिर्फ संसाधनों की कमी की वजह से पीछे न रहना पड़े।
यह भी पढे़: सरफराज खान की शानदार वापसी, फिटनेस पर किया काम, 17 किलो वजन घटाकर टीम इंडिया में बनाई जगह
गांव से शहर तक क्रिकेट प्रतिभाओं को तलाशने का लक्ष्य
STCL के डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि देश के गांवों, कस्बों और शहरों में क्रिकेट को लेकर युवाओं में जबरदस्त जुनून है। जरूरत इस बात की है कि इस जुनून और प्रतिभा को सही दिशा दी जाए। उन्होंने कहा कि लीग का लक्ष्य ऐसे खिलाड़ियों की पहचान करना है जो भविष्य में क्रिकेट में अपना करियर बना सकते हैं। बेहतर ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धी मंच के जरिए इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने की कोशिश की जाएगी।

युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान STCL की प्रतियोगिता के प्रारूप, फ्रेंचाइजी मॉडल, टैलेंट हंट प्रक्रिया और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी जानकारी साझा की गई। देशभर में शुरू होने जा रहे ये फ्री ट्रायल उन युवा क्रिकेटरों के लिए खास मौका हो सकते हैं, जो लंबे समय से किसी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का इंतजार कर रहे हैं। खासकर छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए STCL का यह अभियान अपने क्रिकेट करियर को नई दिशा देने का रास्ता खोल सकता है।


