झारखंड के साहिबगंज जिले में एक व्यक्ति अचानक लापता हो गया था, जिसकी कुछ समय बाद जंगल से उसका शव बरामद किया गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले में हुए एक अपहरण और हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए दिल्ली में छिपकर रह रहा था। यह मामला साहिबगंज के बोरियो थाना क्षेत्र का है, जहां 21 मई 2026 को चंपई मरांडी नामक व्यक्ति के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। शुरुआत में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच तेज कर दी। जांच में पता चला कि चंपई मरांडी को आखिरी बार कुछ लोगों के साथ शराब पीते हुए देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने जंगल और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। करीब 10 दिन बाद जंगल से उसका शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के लिए शव को जंगल में फेंक दिया और सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए थे।
दिल्ली में छिपा था आरोपी, क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
इसी दौरान दिल्ली क्राइम ब्रांच को एक गोपनीय सूचना मिली कि मामले का आरोपी सुखदेव मुर्मू उर्फ ताला यमुना बाजार क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास छिपा हुआ है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी ने कुछ लोगों के सामने अपने जुर्म को स्वीकार करते हुए कहा था कि हत्या के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही दिल्ली क्राइम ब्रांच ने तुरंत झारखंड पुलिस से संपर्क किया। बोरियो थाना पुलिस ने पुष्टि की कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज है और आरोपी फरार चल रहे हैं। इसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने आपसी समन्वय से कार्रवाई शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने यमुना बाजार इलाके में घेराबंदी कर कई घंटों तक निगरानी रखी। इसके बाद 24 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे आरोपी सुखदेव मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामूली विवाद में गई जान, इलाके में सनसनी
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 12 मई को वह बाबूजी मरांडी, मंगल टुडू और मृतक चंपई मरांडी के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया और झगड़ा गंभीर हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सभी ने मिलकर चंपई मरांडी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, जिसमें सुखदेव मुर्मू ने भी साथ दिया। पुलिस के अनुसार सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस हत्या में मृतक का सगा भाई बाबूजी मरांडी भी शामिल था। शराब के नशे में हुआ छोटा सा विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। गिरफ्तार आरोपी सुखदेव मुर्मू झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है और मजदूरी का काम करता है। वह शराब का आदी बताया जाता है। पुलिस ने उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर झारखंड पुलिस को सौंप दिया है, जिसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि समय पर कार्रवाई, लगातार निगरानी और झारखंड पुलिस के सहयोग से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।


