आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक यात्री की जान बाल-बाल बच गई। यह हादसा उस समय हुआ जब साबरमती एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंच रही थी। ट्रेन की रफ्तार और प्लेटफॉर्म के बीच की दूरी का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण एक यात्री का पैर चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया।
घटना इतनी अचानक हुई कि यात्री खुद को संभाल नहीं सका और ट्रेन के साथ-साथ ट्रैक की ओर चला गया। यह पूरा दृश्य स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम गईं। मौके पर मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
स्टेशन पर तैनात जीआरपी जवान की सतर्कता ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। खतरे को भांपते ही जीआरपी जवान तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़ा। इसी बीच GRP (रेलवे सुरक्षा बल) के जवानों के साथ प्लेटफार्म पर खड़े लोगों ने तुरंत ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसे यात्री को बाहर निकाल लिया।
अपनी जान की परवाह किए बिना GRP जवानों ने यात्री को चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच से खींचकर बाहर निकाला। कुछ ही सेकंडों के इस रेस्क्यू ऑपरेशन में जवानों की फुर्ती और सूझबूझ ने यात्री की जान बचा ली। अगर जवानों ने थोड़ी भी देरी की होती, तो यह हादसा बेहद गंभीर रूप ले सकता था।
यह भी पढ़ें- Gorakhpur में पुलिस ने बरामद किए डेढ़ करोड़ के 826 मोबाइल फोन, अलग-अलग जगहों से हुई थी चोरी
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्रियों ने राहत की सांस ली और GRP टीम के साहस तथा तत्परता की जमकर सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल यात्री सुरक्षित है। जीआरपी की तत्परता की वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।



