अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में इंसान की जगह एक सांड एटीएम में घुस गया। अब इस सांड ने पैसे तो नहीं निकाले लेकिन वहां उत्पात जमकर मचाया। मामला रहरा कस्बे का है जहां रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बारिश से बचने के लिए एक आवारा सांड भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम केबिन में घुस गया।
सांड एटीएम के अंदर, लोग खड़े रहे बाहर
सांड काफी देर तक एटीएम के अंदर मौजूद रहा और वहां उत्पात मचाता रहा। एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे लोगों ने जब अंदर सांड को देखा तो उनके होश उड़ गए। लोग एटीएम के बाहर ही खड़े रहे और सांड के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे।
इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बताया जा रहा है कि सांड बारिश से बचने के लिए एटीएम केबिन में घुसा था।
सांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
वीडियो में सांड को एटीएम के अंदर घूमते हुए देखा जा सकता है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम केबिन में आवारा पशु का आसानी से प्रवेश कर जाना ग्राहकों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। लोगों ने बैंक प्रबंधन से एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
रिपोर्ट: – अरूण चाहल


