यूपी के अमरोहा अमरोहा शहर स्थित मां काली के मंदिर में बुर्काधारी महिला का पूजा-अर्चना करने का मामला चर्चा में है। बुर्का पहने महिला ने मंदिर में पहुंचकर मां काली के दर्शन किए और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की।
मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मढैया का है जहां रूखसार नाम की महिला ने मंदिर में पूजा की है। बताया जा रहा है कि रुखसार पिछले कुछ समय से एक आध्यात्मिक अनुभव से गुजर रही है। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में महिला मां काली के मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना करने लगी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला काफी दिनों से बीमार चल रही है। उसका मानना है कि मंदिर में पूजा के बाद उनकी तबीयत/स्थिति में सुधार हुआ। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला के मंदिर पहुंचने और पूजा-अर्चना करने का वीडियो भी सामने आने के बाद घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
वीडियो सामने आने के बाद मंदिर में महिला के पहुंचने और पूजा करने को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। मामले को लेकर किसी तरह के विवाद की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमरोहा की पहचान आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब वाली रही है।
यह भी पढ़ें- आगरा कैंट स्टेशन पर हादसा टला, GRP जवानों ने यात्री की बचाई जान
ऐसे में एक मुस्लिम महिला का श्रद्धा के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा करना धार्मिक सद्भाव की तस्वीर के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, महिला को हुए आध्यात्मिक अनुभव और पूजा के बाद ठीक होने के दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


