अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा (Amroha) में रामलीला के नाम पर अश्लील डांस का कार्यक्रम आयोजित करने का मामला सामने आया है। भक्ति और भजन के नाम पर अश्लीलता परोसा जा रहा था। रामलीला मंचन के दौरान फिल्मी गानों पर बार बालाएं अश्लील डांस करती हुई नजर आईं।
धार्मिक मंच पर अश्लील डांस
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। दरअसल अमरोहा के आदमपुर थाना इलाके के बीजलपुर गांव में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की लीला का मंचन आयोजित किया जा रहा था जिस दौरान मंच पर अश्लील डांस हुआ।
आरोप है कि देर रात रामलीला के मंच से धार्मिक मर्यादाओं को ताक पर रखते हुए तेज आवाज में बज रहे फिल्मी और फूहड़ गानों पर बार-बालाओं से अश्लील डांस कराया गया। कार्यक्रम में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस अश्लील डांस का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
लोगों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
वीडियो देखते ही देखते क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और इंटरनेट पर वायरल हो गया। पवित्र मंच पर इस तरह की अश्लीलता देखकर स्थानीय ग्रामीणों और सनातन धर्म प्रेमियों में गहरा आक्रोश है।
लोगों का कहना है कि रामलीला जैसा पवित्र मंच लोगों को सीख और संस्कार देने के लिए होता है, लेकिन आयोजकों और कलाकारों ने मनोरंजन के नाम पर धार्मिक भावनाओं और मर्यादा से खिलवाड़ किया है। लोगों ने अब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट :- अरुण चाहल



















