अमरोहा: यूपी के अमरोहा (Amroha) से एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद सबूतों को मिटाने के लिए शव को बाइक समेत पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।
हत्यारे वारदात को अंजाम देकर अधजले शव और जलती बाइक को गन्ने के खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल व्याप्त है।
गन्ने के खेत में मिला अधजला शव
घटना हसनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दीपपुर गांव की है। ग्रामीणों ने जब गन्ने के खेत में एक युवक का अधजला शव और जलती हुई बाइक देखी, तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले युवक को मौत के घाट उतारा और फिर पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए उसकी बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वारदात की बारीकी से जांच करने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
जांच में जुटी पुलिस, मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स
फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से जरूरी फिंगरप्रिंट्स, नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ करने के साथ-साथ हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान की जा सके। इस तरह दिनदहाड़े या योजनाबद्ध तरीके से की गई इस निर्मम हत्या के बाद से दीपपुर और आसपास के इलाकों में लोग सहमे हुए हैं।
वहीं इसको लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही मृतक की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट : अरुण चहल


