अमरोहा जनपद के सैद नगली थाना क्षेत्र के कस्बा उझारी में चल रहे हज़रत शेख दाऊद रहमतुल्लाह अलैहि के सालाना उर्स मेले के बीच एक वीडियो सामने आई है। आस्था, परंपरा और सामाजिक मेल-मिलाप के इस बड़े आयोजन में अवैध जुए के संचालन के दावों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसके प्रसार के बाद मामले ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
उझारी का सालाना उर्स हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में जायरीन, अकीदतमंदों और स्थानीय लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। दरगाह परिसर और मेले में धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ व्यापारिक और सांस्कृतिक रौनक भी देखने को मिल रही है। दूर-दराज़ से आये श्रद्धालु यहां हाज़िरी देकर दुआएं मांग रहे हैं और मेले की रंगीनियों का हिस्सा बन रहे हैं।
मेले की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि मेले में कथित तौर पर चक्कर वाले जुए और नंबर आधारित सट्टे का खेल संचालित किया जा रहा है। दावा यह भी है कि यह गतिविधियां उस स्थान के बेहद करीब हो रही हैं जहां मेले के दौरान पुलिस चौकी स्थापित की गई है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि ऐसे आरोपों में सच्चाई है तो फिर निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है। वहीं कुछ लोग प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच प्रक्रिया पर टिकी हैं।
रिपोर्ट-मौ. अज़ीम (अमरोहा)


