Ganga Mela: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक गंगा तिगरी मेले को भव्य, दिव्य और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 15 नवंबर से शुरू होने वाले इस मेले में 35 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर तक श्रद्धालु गंगा तट पर डेरा डालकर रहेंगे। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ और पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेला स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इस बार मेले में 24 सेक्टर और 22 स्नान घाट बनाए गए हैं। इसके साथ ही अग्निशमन केंद्र और मेला कोतवाली स्थापित करने का काम भी शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेले में झूले भी लगने शुरू हो गए हैं। स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में करीब 4,000 शौचालय बनाए जा रहे हैं। वहीं, स्नान घाटों पर महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए दो चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी व्यवस्था निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि गंगा तिगरी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल मिले। इसके लिए सड़क, बिजली, पानी, स्वच्छता, सुरक्षा और स्नान घाटों से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Deoband दुष्कर्म केस में 11 साल बाद इंसाफ! तत्कालीन थानाध्यक्ष और दरोगा दोषी, कल सजा का ऐलान

























