अमरोहा: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट मिलते ही अमरोहा (Amroha) में राजनेताओं का जनता के बीच जाकर उनका ‘दर्द’ साझा करने का हुनर निखरने लगा है। ऐसा ही एक दिलचस्प नज़ारा अमरोहा की नौगावां सादात विधानसभा सीट पर देखने को मिला।
नेताजी उठाने लगे पराली
यूपी विधानसभा चुनाव में टिकट के एक दावेदार सिर पर धान की पराली उठाकर कैमरों के सामने ‘सेवा भाव’ का प्रदर्शन करते नज़र आए। यह वायरल वीडियो किसी आम कार्यकर्ता का नहीं, बल्कि तीन बार पूर्व विधायक रह चुके मदन चौहान का है।
मदन चौहान, बसपा और सपा जैसी प्रमुख पार्टियों में अपनी पारी खेलने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कश्ती पर सवार हैं, नौगावां सादात सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करने में दिन-रात एक कर रहे हैं और खूब रील बना रहे हैं।
पराली उठाकर महिला के घर तक पहुंचाया
हाल ही में जब नेताजी क्षेत्र के भ्रमण पर थे, तभी उन्होंने गांव में कुछ किसानों को ट्रॉली से धान की पराली उतारते देखा। चुनावी मौसम में नेताजी के भीतर अचानक ‘जनसेवा’ की भावना हिलोरें मारने लगी। फिर क्या था, कैमरा ऑन हुआ, ‘रोल और एक्शन’ का इशारा मिला और मदन चौहान ने सिर पर पराली की गठरी उठाकर फोटो-वीडियो शूट करवा लिया।
तीन बार विधायक रह चुके हैं मदन चौहान
मकसद साफ था, सोशल मीडिया पर ‘रील’ पोस्ट कर जनता के दिलों में अपने लिए जगह बनाना। मूल रूप से मेरठ निवासी मदन चौहान पिछले चुनाव (2022) में समाजवादी पार्टी से नौगावां सादात सीट का टिकट मांग रहे थे। फिलहाल वो अमरोहा जिले में पूरी तरह सक्रिय हैं और भाजपा के बैनर तले अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश में हैं।
नेताजी का यह पराली अवतार तो बस एक शुरुआत है। जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आएंगे, भावी प्रत्याशियों का ऐसा ‘मजदूर रूप’ जनता को बार-बार देखने को मिलेगा। कोई खेतों में फावड़ा चलाता दिखेगा, तो कोई चाय के होटल पर बर्तन साफ करता।
रिपोर्ट: अरुण चहल


