लखनऊ: यूपी के आंगनबाड़ी में काम करने वाली महिलाओं और सहायिकाओं के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अयोध्या से प्रदेश की आंगनबाड़ी सेविकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान किया जिसके बाद हरिऔध कला केन्द्र में तालियों की गूंज सुनाई देने लगी।
सीएम योगी ने आंगनवाड़ी सेविकाओं को दिया बड़ा तोहफा
अब आंगनबाड़ी की सेविकाओं का मानदेय 8 हजार से बढ़कर 12 हजार प्रतिमाह कर दिया गया जबकि सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़कर 6 हजार प्रतिमाह कर दिया गया। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को हर साल 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री के इस ऐलान को आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है।
आजमगढ़ में 10,845 कर्मियों को मिलेगा सीधा लाभ
डीएम रविन्द्र कुमार ने बताया कि जिले में 5,588 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। मानदेय वृद्धि का सीधा लाभ 5,522 सेविकाओं और 5,323 सहायिकाओं यानी कुल 10,845 कर्मियों को मिलेगा।
डीएम ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं केवल केंद्र संचालन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और प्रारंभिक बाल शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभा रही हैं।

‘यह नौकरी नहीं, समाज और राष्ट्र की सेवा’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने आंगनबाड़ी सेविकाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मातृशक्ति के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को सामान्य स्थिति में लाने, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस तरह यशोदा मैया ने कान्हा का लालन-पालन किया था, उसी तरह आज आंगनबाड़ी सेविकाएं देश के नौनिहालों की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पिछले नौ सालों में 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है। हर आंगनबाड़ी केंद्र के लिए अपना भवन सुनिश्चित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
रिपोर्ट: राम अवतार उपाध्याय


