अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पहले सीईओ नियुक्त होने के बाद पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (Jeetendra Mishra) ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। इसके बाद उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि अब राम मंदिर के सफल संचालन की जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है।
सीएम योगी का करेंगे स्वागत
खास बात ये है कि जितेंद्र मंगलवार को बतौर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ( Shri Ram Janmabhoomi Trust) के सीईओ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी राम मंदिर में स्वागत करेंगे। अपना पद भार ग्रहण करने के बाद न्यूज एजेंसी से बातचीत करते हुए जितेंद्र मिश्रा ने कहा, मैंने अब सीईओ के तौर पर जिम्मेदारी संभाल ली है और राम मंदिर की जिम्मेदारी मेरे कंधों पर आ गई है।
ये भी पढ़ें: ‘यहां गुप्त शत्रु हैं’, राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा को बृजभूषण शरण सिंह की खास सलाह
क्यों चर्चा में है जितेंद्र मिश्रा
साल 2025 में पहलगाम हमले के जवाब में भारत के जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में एयर मार्शल रहे जितेंद्र मिश्रा ने बेहद अहम भूमिका निभाई थी। उस वक्त जितेंद्र मिश्रा पश्चिमी एयर कमांड के चीफ थे और पाकिस्तान को जवाब देने कि जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर दी थी। ऑपरेशन सिंदूर रुकने के बाद पीएम मोदी ने जब भारत के फॉरवर्ड एयरबेस आदमपुर का दौरा किया था तो वहां भी जितेंद्र मिश्रा ही कमांड में थे और उन्होंने पीएम मोदी को ब्रीफिंग दी थी। उनके शानदार नेतृत्वकर्ता होने की वजह से राष्ट्रपति ने युद्ध सेवा मेडल (एसवाईएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) से सम्मानित किया था। राम मंदिर सीईओ की नियुक्ति के लिए कुल 5585 आवेदन आए थे जिनमें उन्हें चुना गया।
कैसे हुआ जितेंद्र मिश्रा का चुनाव
राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर तीन सदस्यीय समिति ने तीन नामों का पैनल तैयार किया था। इस पैनल ने ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास को नामों की सूची सौंपी थी। समिति में अध्यक्ष के रूप में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, डॉ. सुरेश हावड़े और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे। इसी में जितेंद्र मिश्रा के नाम पर अंतिम मुहर लगी थी।
क्या है जितेंद्र मिश्रा की जिम्मेदारी
राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा की मुख्य ज़िम्मेदारी अब राम मंदिर की सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन, श्रद्धालुओं के दर्शन की बेहतर व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को निभाना होगा।
ये भी पढ़ें: VIDEO: ‘मैं सबसे सौभाग्यशाली…’ राम मंदिर के पहले CEO बनकर भावुक हुए जितेंद्र मिश्रा
पद संभालने के लिए बीते दिनों अयोध्या पहुंचने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने कहा था कि यह उनका पहला परिचात्मक दौरा था जिसके दौरान उन्होंने मंदिर की कार्यप्रणाली और व्यवस्था को समझा। वह अभी मंदिर से जुड़ी संचालन की व्यवस्थाओं को जानने और समझने की कोशिश कर रहे हैं जिसके बाद जैसी जरूरत होगी उसके हिसाब से आगे बदलाव की योजनाएं तैयार होंगी। इसके बाद उन्होंने फिर से अयोध्या जाकर सीईओ का पंद संभाल लिया है।
रिपोर्ट: कुणाल कौशल


