आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ (Azamgarh) में पुलिस को मोबाइल फोन चोरी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मोबाइल फोन गुम होने के बाद वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए पुलिस ने अभियान चलाकर 265 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोन्स की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई गई है।
सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शनिवार को बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई के प्रति आभार जताया।
तकनीकी टीम की मदद से बरामद हुए मोबाइल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार के निर्देशन में आजमगढ़ पुलिस फरवरी 2024 से गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत शनिवार को सीनियर एसपी चिराग जैन ने रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में 265 बरामद मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किया।
2026 में अब तक 2,398 मोबाइल बरामद
पुलिस गुम हुए मोबाइल की तलाश के लिए तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर रही है। शिकायत मिलने के बाद मोबाइल की पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर उसे ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की जाती है। आजमगढ़ पुलिस के अनुसार, साल 2026 में अब तक 2,398 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 31 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं, फरवरी 2024 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक कुल 6,035 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ 37 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के आधार पर पुलिस की तकनीकी टीम मोबाइल की पहचान और बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करती है।
रिपोर्ट: रमावतार उपाध्याय






















