आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ (Azamgarh) में दीपावली पर्व पर मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मंदुरी, सदर, शाहगढ़, निजामाबाद, फूलपुर और लाटघाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई निर्माण प्रतिष्ठानों-खाद्य दुकानों पर छापेमारी की।
इस दौरान कुल 17 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए, जबकि मौके पर दूषित अवस्था में मिली 440 किलोग्राम मिठाइयों को जब्त कर नष्ट कराया गया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा-औषधि और जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) श्रवण कुमार मिश्र के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
मंदुरी स्थित मिठाई निर्माण प्रतिष्ठान से गुलाब जामुन और छेने की मिठाई के तीन नमूने लिए गए। वहीं सदर क्षेत्र से बूंदी के लड्डू और चायपत्ती के चार नमूने संग्रहित किए गए। इसी दौरान 175 किलोग्राम दूषित छेने की मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 65,625 रुपये बताई गई है।
इससे पहले बुलंदशहर में हुई थी कार्रवाई
इससे पहले खाद्य विभाग की टीम ने बुलंदशहर के खुर्जा में खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई बनाने वाले एक दुकान में छापेमारी की थी. वहां मिलावटी मिठाई मिलने के बाद उसे नष्ट कर दिया गया। सहायक अपर खाद्य आयुक्त ममता चौधरी के नेतृत्व में टीम ने खुर्जा के जंक्शन मार्ग स्थित कलंदरगढ़ी के एक गोदाम पर छापा मारा जिसके बाद सभी मिठाई दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मिलावटी रसगुल्लों को किया गया नष्ट
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में बेहद गंदगी के बीच रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक मिठाइयों के निर्माण में अरारोट, सफोलाइट और रीठे जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर तैयार मिलावटी रसगुल्ले और छेना मक्खियों से घिरे मिले और साथ ही उसे रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बर्तन भी बेहद गंदे थे।
खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान रसगुल्ले, सफोलाइट और रीठे समेत पांच खाद्य नमूने जांच के लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि तैयार किए गए मिलावटी रसगुल्ले और छेना को नष्ट कराने की कार्रवाई की जा रही है।
दुकान को किया गया ब्लैकलिस्ट
वहीं, खुर्जा के प्रसिद्ध ‘तेवतिया’ परिवार से जुड़े मिठाई दुकान पर भी बिना खाद्य विभाग के लाइसेंस के मिठाइयों का निर्माण किए जाने का आरोप है। विभाग की ओर से दुकान को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट: रमावतार उपाध्याय

























