आजमगढ़: यूपी एटीएस ने आजमगढ़ (Azamgarh) से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी AQIS से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। एटीएस ने जिस संदिग्ध को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान मोहम्मद नबील के रूप में हुई है।
देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था नबील
आरोपी को एटीएस ने आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र में दबोचा है और वो चितारा महमूदपुर का रहने वाला है। आरोप है कि नबील सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल था।
रिपोर्ट के मुताबिक संदिग्ध आतंकी WhatsApp ग्रुप बनाकर युवकों को मुजाहिद बनने के लिए प्रेरित कर रहा था। इस ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के साथ विदेशी युवकों के भी जुड़े होने का दावा किया जा रहा है।
WhatsApp ग्रुप बनाकर युवकों को कर रहा था टार्गेट
नबील के मोबाइल फोन से कई अहम जानकारी सामने आने का भी दावा किया गया है। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद नबील ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप चलाता था जिसमें कई युवक जुड़े हुए थे. ग्रुप में जेहाद, चाकू, केमिकल और प्लान के लिए कोड वर्ड इस्तेमाल किए जाते थे।
जानकारी के मुताबिक इस ग्रुप में आतंकी विचारधारा से जुड़ी किताबें शेयर की जाती थीं। ‘Flames of War’ समेत कई अन्य व्हाट्सऐप ग्रुप से भी संदिग्ध आतंकी नबील जुड़ा हुआ था।
बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोगों से जुड़े होने का दावा
ग्रुप में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोगों के जुड़े होने का भी दावा किया गया है। इस ग्रुप के जरिए प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा की विचारधारा प्रसारित करने का आरोप भी नबील पर लगा है। जांच में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर ट्रेनिंग लेने की योजना का भी खुलासा हुआ है।
जिस व्हाट्स ग्रुप के जरिए इन गतिविधियों को चलाया जा रहा था उसके जरिए बम बनाने से जुड़े वीडियो और पोटैशियम नाइट्रेट को लेकर भी बातचीत का दावा सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से किया गया है। यूपी एटीएस के मुताबिक नबील बड़े आतंकी हमले की साजिश में शामिल था।
रिपोर्ट: रामावतार उपाध्याय


