आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ (Azamgarh) में चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सरायमीर थाना क्षेत्र के मुख्य कस्बे के रामजानकी मंदिर में अज्ञात महिला ने प्रवेश कर भगवान के आभूषण चोरी कर फरार हो गई।
चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंदिर कमेटी की ओर से सरायमीर थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की पूरी वारदात
सरायमीर कस्बे में स्थित रामजानकी मंदिर के पुजारी सुरेंद्र नाथ पांडेय शनिवार को किसी काम से मंदिर से बाहर गए थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला मंदिर परिसर में दाखिल हुई और हनुमान जी का चांदी का मुकुट, दुर्गा माता की सोने की नथिया चोरी कर फरार हो गई।
महिला की यह हरकत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा रहा है कि महिला ने पहले मंदिर में मूर्ति को छू कर प्रणाम किया और फिर जेवर पर हाथ साफ कर फरार हो गई।
आभूषण की तलाश में जुटी पुलिस
इसके बाद जब रविवार को पुजारी सुरेंद्र नाथ पांडेय मंदिर पहुंचे तो भगवान की प्रतिमाओं से मुकुट और नथिया गायब मिली। इसकी जानकारी मंदिर कमेटी के सदस्यों को हुई तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला चोरी करते हुए दिखाई दे रही है। इसके बाद कमेटी के लोग महिला की पहचान और तलाश में जुट गए।
मंदिर कमेटी की ओर से सरायमीर थाने में अज्ञात महिला के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और महिला की पहचान के लिए मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने महिला को जल्द से जल्द पकड़ने का दावा किया है।
रिपोर्ट: रमावतार उपाध्याय


