आजमगढ़ जनपद में संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। बिलरियागंज क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग के सदस्य राज उर्फ सवारिया की अपराध से अर्जित बताई गई। इस दौरान करीब 1.92 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। प्रशासन ने कुल 538.55 वर्ग मीटर भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार राज उर्फ सवारिया पुत्र सुरेश राम निवासी गड़ेरी पट्टी, थाना जीयनपुर अपने गैंग के साथ प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या राम मंदिर समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टप्पेबाजी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
अपराध की कमाई से खरीदी जमीन
गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना में पुलिस को आरोपी की संपत्ति के संबंध में अहम जानकारी मिली। जांच में ग्राम नदौरा तकरकारी में 226.70 वर्ग मीटर और ग्राम गडेरी पट्टी में 311.85 वर्ग मीटर, यानी कुल 538.55 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई।
राजस्व विभाग के मूल्यांकन में जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1.92 करोड़ आंकी गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी संपत्ति खरीदने और ऋण की किस्तें चुकाने के लिए कोई वैध एवं पर्याप्त आय का स्रोत प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्रशासन ने लिया कब्जा
14 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश के अनुपालन में थाना बिलरियागंज पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। नियमानुसार डुगडुगी पिटवाकर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई और चिन्हित भूमि को प्रशासनिक कब्जे में ले लिया गया। कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में की गई। मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ जीयनपुर और बिलरियागंज पुलिस की टीम मौजूद रही।
पुलिस के अनुसार राज उर्फ सवारिया और उसके गैंग के खिलाफ चोरी, टप्पेबाजी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों, भूमाफियाओं और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

