बागपत: यूपी के बागपत (Baghpat) में एक महिला का शव गन्ने की खेत में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल बड़ौत के खड़खड़ी गांव की रहने वाली रूबीना की शादी तीन साल पहले मुजफ्फनगर के मंसुरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले आलीशान अली से हुई थी। अलीशान अली भारतीय सेना में सिपाही हैं, पिछले कुछ दिनों से अलीशान छुट्टी पर घर आया था और 22 अक्टूबर को अलीशान ने रूबीना को फोन कर मिलने बुलाया था।
पति के मिलने बुलाने के बाद गायब थी रूबीना
जानकारी के मुताबिक इसके बाद से ही रूबीना घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो 23 अक्तूबर को उसके भाई आजाद ने बड़ौत थाने में रूबीना की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, इसके बाद पुलिस ने रूबीना की तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद शनिवार सुबह उसका शव घर से करीब 15 किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में मिला।
शव उस वक्त मिला जब वाजिदपुर गांव निवासी सतपाल सुबह खेत की ओर गए। उन्होंने खेत के किनारे रूबीना का शव पड़ा देखा और उसके मुंह से खून निकल रहा था। शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं दिख रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। इसके बाद सतपाल ने घटना की जानकारी बड़ौत पुलिस को दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं इस संदिग्ध मौत को लेकर सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि मृतका के भाई आजाद की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि जंगल में विवाहिता का शव मिलने के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
रिपोर्ट: विकास शर्मा




















