Bahraich News: बहराइच जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने छापेमारी कर एक बैंक शाखा प्रबंधक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गुरघुट्टा स्थित इंडियन बैंक की शाखा में की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर एक किसान से रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि बैंक शाखा प्रबंधक ललित मोहन और उनके निजी कर्मचारी द्वारा किसान से पहले 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में सौदा 5 हजार रुपये में तय किया गया और इसी दौरान CBI ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान CBI टीम ने मौके से ही बैंक शाखा प्रबंधक ललित मोहन और उनके निजी कर्मी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए लखनऊ ले जाया गया है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा कारणों को देखते हुए बैंक शाखा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और अंदर-बाहर आवाजाही पर रोक लगा दी गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
CBI अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में और भी लोग शामिल हैं या यह एक संगठित रिश्वतखोरी का नेटवर्क है। साथ ही बैंक में पिछले लेन-देन और अन्य KCC आवेदनों की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट-अभिषेक शर्मा (बहराइच)


