बलिया: यूपी के बलिया (Ballia) में पुलिस ने एक कार से 22 लाख रुपए की कीमत का 45 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। दरसअल सिकंदरपुर थाना पुलिस को जानकारी मिली कि गांजा तस्कर देवरिया से बिहार जाने की फिराक में है।
इसके बाद सिकंदरपुर पुलिस और गाजीपुर की एसटीएफ ने संयुक्त रूप से नगरा मोड़ पर चेकिंग के दौरान ब्रेजा कार को रोकने की कोशिश की। हालांकि कार सवार तस्कर भागने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने कार को चारों तरफ से घेर लिया।
पकड़े गए गांजे की कीमत 22 लाख रुपये
तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से 45 किलो गांजा बरामद किया जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने गांजा तस्करी करने वाले विकास कुमार यादव और शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों बिहार के रहने वाले हैं। वही पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है। बता दें कि अभी दो हफ्ते पहले ही हरदोई में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई थी।
सीतापुर में भी गांजा तस्करों पर एक्शन
सीतापुर में एक लग्जरी कार में 14 किलो गांजा लादकर चार तस्कर हरदोई में डिलीवरी देने पहुंचे थे। खास बात यह रही कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक महिला को भी अपने साथ रखा था।
हालांकि डिलीवरी से पहले ही पुलिस की वाहन चेकिंग में उनकी कार रुक गई। तलाशी ली गई तो अंदर गांजे की बड़ी खेप देखकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने कार सवार चारों आरोपियों को गांजे समेत गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट: अखिलेश कुमार
























