बलरामपुर: यूपी के बलरामपुर (Balrampur) तुलसीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब बीमारी का इलाज कराने अस्पताल जा रहा एक परिवार दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के चुंगी नाका स्थित बालाजी गैस गोदाम के सामने सुबह करीब 7:30 बजे टैंकर, मारुति डिजायर कार और बोलेरो के बीच भीषण भिड़ंत हो गई।
इस भीषण हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की शिनाख्त संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहिखार निवासी 45 साल के श्याम नारायण और उनकी 60 साल की मां कैलाशी देवी के रूप में हुई है।
हादसे में दो लोगों की मौत
वहीं श्याम नारायण की 45 वर्षीय पत्नी वंदना चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें नाजुक हालत में इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। परिजनों के अनुसार श्याम नारायण किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और परिवार उन्हें डायलिसिस कराने के लिए लखनऊ ले जा रहा था।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और पीछे चल रही बोलेरो के चालक ने बताया कि वह दूल्हापुर से चार सवारियों को लेकर लखनऊ जा रहा था। तुलसीपुर की ओर से आगे चल रही डिजायर कार अचानक अपनी लेन छोड़कर सामने से आ रहे टैंकर की दिशा में मुड़ गई।
टैंकर और कार के बीच जबर्दस्त टक्कर
टैंकर और कार के बीच जबर्दस्त टक्कर हुई, जिसके बाद बेकाबू हुआ टैंकर घसीटते हुए उसकी बोलेरो से भी टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट: नीतीश तिवारी



















