Barabanki News: बाराबंकी में किराने का सामान लेने दुकान गई नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर दुकानदार ने उसके साथ मुंह काला किया। मेडिकल जांच में वह 6 माह की गर्भवती निकली है। पता लगते ही पिता ने सीधे एसपी से मिलकर मामले की लिखित शिकायत की। मामाले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बाराबंकी ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
बाराबंकी में थाना टिकैतनगर क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेडिकल जांच में किशोरी के छह माह की गर्भवती होने का खुलासा होने के बाद परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़िता के पिता के अनुसार करीब छह माह पहले उनकी नाबालिग पुत्री घर का सामान लेने गांव के पास स्थित एक जनरल स्टोर पर गई थी।
आरोप है कि दुकान संचालक, जो लगभग 30 वर्ष का विवाहित व्यक्ति है, किशोरी को बहाने से दुकान के अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार दबाव और धमकी देकर किशोरी का शोषण करता रहा। डर और बदनामी के भय से किशोरी ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बीते 10 जून को जब किशोरी ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की तो परिजन उसे चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टरों ने किशोरी के छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि की। इसके बाद पिता द्वारा पूछताछ करने पर किशोरी ने अपने साथ हुई पूरी घटना बताई
परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उन्हें धमकी भी दी। थाना टिकैतनगर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएचसी प्रभारी टिकैटनगर डा. विजय वर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा लड़की को सीएचसी पर लाया गया था। गर्भवती होने की आशंका पर अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-संजय यादव (बाराबंकी)


