Rampur News: रामपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा है, जहां एक मुस्लिम युवती ने धर्म छिपाकर एक हिंदू युवक को ठगने के लिए उससे शादी कर ली। लेकिन लुटेरी दुल्हन युवक के घर से जेवरात और पैसे लेकर भागती, उससे पहले ही उसकी पोल खुल गई। अब रामपुर में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है।
रामपुर निवासी हिंदू युवक पुनीत के परिजन उसकी शादी के लिए एक योग्य वधु की तलाश कर रहे थे। इस दौरान पुनीत के मौसा कल्लू और एक अन्य व्यक्ति रामसिंह उनके घर रिश्ता लेकर आए। उन्होंने बताया कि हरिद्वार निवासी एक युवती रिया गुप्ता है। उन्होंने कहा, “आप उसे देख लो।” इसके बाद पुनीत और उसके परिजन रिया गुप्ता से मिलने हरिद्वार गए। दोनों रिश्तेदारों ने युवक और उसके परिजनों से युवती को मिलवाया। रिया गुप्ता पहली नजर में उन्हें पसंद आ गई। इस दौरान दोनों रिश्तेदारों ने कहा कि युवती के माता-पिता नहीं हैं और वह अकेली रहती है। इसके बाद शादी तय करने के लिए एक लाख रुपये की मांग की गई और 11 जून की तिथि तय कर दी गई।
11 जून को एक लाख रुपये देकर पुनीत ने युवती से शादी कर ली और उसे अपने घर रामपुर ले आया। घर में सभी इस शादी से खुश थे। शादी के तीन दिन बाद अचानक रिया ने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। पुनीत उसे लेकर डॉक्टर के पास गया। जांच के दौरान रिया ने पुनीत से बाहर जाने को कहा। जब पुनीत बाहर चला गया, तो रिया ने डॉक्टर से कुछ बात की और फिर बाहर आ गई। पुनीत उसे लेकर घर लौट आया। डॉक्टर के पास से आने के बाद रिया का व्यवहार अचानक बदल गया। वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करने लगी।
पुनीत ने बताया कि एक दिन जब वह काम पर था, तब उसकी माता का फोन आया और उसे घर आने को कहा गया। घर पहुंचने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी ने 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली है। रामपुर स्थित सिविल लाइंस थाना पुलिस द्वारा जब रिया गुप्ता से पूछताछ की गई, तो उसने अपने मोबाइल में आधार कार्ड दिखाया, जिसमें उसका असली नाम यासमीन दर्ज था। वह बरेली जनपद के आंवला की रहने वाली है और पहले से शादीशुदा तथा दो बच्चों की मां है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए यह कार्य करती है। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई।
पुनीत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके साथ धोखा हुआ है। जिस महिला को हिंदू बताया गया था, वह मुस्लिम निकली। पुनीत ने आरोप लगाया कि रिया उर्फ यासमीन उसके घर से गहने और रुपये लेकर भागने की फिराक में थी। फिलहाल पुलिस ने पुनीत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और बरेली पुलिस दोनों रिश्तेदारों की तलाश कर रही है।


