बस्ती जनपद से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पिता की कथित तौर पर बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला दुबौलिया थाना क्षेत्र के रमवापुर गांव का है। बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय दुर्गा उर्फ लाडली का पड़ोसी गांव बभरौली निवासी लक्ष्मण से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को दोनों बभरौली गांव के पास गन्ने के खेत में मिल रहे थे। इसी दौरान दुर्गा के पिता कृष्णा वहां पहुंच गए। आरोप है कि पिता द्वारा विरोध किए जाने पर बेटी और उसके प्रेमी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने शव को पास की नहर में छिपा दिया। देर शाम जब कृष्णा घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान बेटी ने ही घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हर्रैया क्षेत्राधिकारी, छावनी और दुबौलिया पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक मृतक कृष्णा मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी दोनों पत्नियों की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। घर में कृष्णा अपनी नाबालिग बेटी के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व भी पिता ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था और इसका विरोध किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- इमरान अली/सोनू सिंह (बस्ती)

