बिजनौर: यूपी के बिजनौर (Bijnor) में नेपाली युवक की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। दरअसल नजीबाबाद में काशीपुर-हरिद्वार हाईवे पर मिले नेपाली युवक के शव के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने जो बड़ा खुलासा किया है वो हैरान करने वाला है।
पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कातिलों ने पैसों के लालच में युवक को अज्ञात वाहन के सामने धक्का दे दिया था और उसके पास मौजूद नकदी और सामान लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 75 हजार रुपये समेत कुल 78 हजार 520 रुपये की नकदी बरामद की है।
25 अक्टूबर को हुई थी युवक की मौत
दरअसल, 25 अक्टूबर की सुबह नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम सरवनपुर के पास हाइवे पर एक घायल व्यक्ति पड़ा मिला था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नेपाल निवासी अशंक बहादुर शाही के रूप में हुई थी।
मृतक के बेटे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसके पिता के पास एक लाख 55 हजार रुपये थे, जो घटना के बाद गायब मिले। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन आरोपियों के नाम सामने आए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पैसों के लालच में हत्या की साजिश रची और युवक को अज्ञात वाहन के सामने धक्का दे दिया। इसके बाद मृत समझकर उसका बैग और रुपये लेकर फरार हो गए।
रिपोर्ट: गौरव वर्मा

























