Bijnor News: घर में घुसकर दबंगों द्वारा मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में करीब दो दर्जन हमलावर हाथों में लाठी डंडे ले जाते हुए दिखे। इन दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं और पुरुष से जमकर मारपीट की है।
गौरतलब है कि चांदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय रफ़ी में दो मंजिला मकान को लेकर एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घर पर लाठी डंडों से हमला किया गया। इस हमले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। खूनी संघर्ष में पीड़ित पक्ष की दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चांदपुर के मोहल्ला सराय रफी के रहने वाले डॉक्टर हारून ने पुलिस में तहरीर दी है कि उसके दो मंजिला मकान को लेकर विवाद चल रहा है। उसके अनुसार करीब दो वर्ष पूर्व हीमपुर दीपा क्षेत्र के ग्राम मैडय्यों निवासी एक व्यक्ति ने मकान खरीदने के लिए कुछ धनराशि बयाने के रूप में दिए थे। लेकिन पूरी रकम का भुगतान न होने के कारण मकान का बैनामा नहीं हो सका।
आरोप है कि इसी विवाद को लेकर अब दबंग लोग जबरन मकान में घुस आए और कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला किया और घर में तोड़फोड़ करते हुए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में इब्राहिम, जहांगीर, मुसर्रत, अजीम और सोनम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को चिकित्सको ने गंभीर हालत देखते हुए बिजनौर रेफर कर दिया है।
रिपोर्ट- गौरव वर्मा (बिजनौर)


