उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र स्थित बागड़पुर गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। घटना के दौरान टीम के साथ आए जूनियर इंजीनियर (जेई) संदीप कुमार शर्मा को कथित तौर पर बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा गया।जानकारी के अनुसार, जेई संदीप कुमार शर्मा सहायक अभियंता, मीटर रीडर और अन्य कर्मचारियों की टीम के साथ बागड़पुर गांव में बिजली कनेक्शनों की जांच करने पहुंचे थे। जांच के दौरान टीम को एक परिसर में लगे मीटर की इनकमिंग केबल में कट लगाकर अतिरिक्त तार के जरिए किचन में हीटर चलाने और आसपास की दुकानों को बिजली आपूर्ति किए जाने का मामला मिला। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, कुछ ग्रामीण भड़क गए और टीम के साथ अभद्रता करने लगे।
आरोप है कि चार से पांच लोगों ने मिलकर पहले कुर्सी पर बैठे जेई को जबरन चारपाई पर बिठाया और फिर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ थप्पड़ और घूंसों से मारपीट की। यह भी आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं को बुलाकर टीम पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जेई को चारपाई पर बैठाकर पीटते हुए लोग साफ नजर आ रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ग्राम प्रधान नवनीत, संजीव, सुधांशु, अंकित और मोहित समेत छह नामजद तथा 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गलत तरीके से बंधक बनाने और मारपीट करने जैसी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपियों में से एक, संजीव के बेटे मयंक को गिरफ्तार भी कर लिया है।
यह भी पढ़ें- ट्रक ड्राइवर को तीसरी बार मिला 3.68 करोड़ का इनकम टैक्स नोटिस, कन्नौज का मामला
दूसरी ओर, ग्राम प्रधान ने भी जेई पर ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस तरह दोनों पक्षों की ओर से थाने में अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी (सीओ) देश दीपक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा और गांवों में बिजली चोरी रोकने के अभियान के दौरान आने वाली चुनौतियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


