बिजनौर में कोतवाली शहर पुलिस ने ठगी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी गई सोने की अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद भी की है।
मामला थाना कोतवाली शहर क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर 2026 को नगर पालिका, टाउन हॉल के सामने रहने वाले सुभाष कुमार वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप था कि दो अज्ञात लोगों ने बहला-फुसलाकर धोखाधड़ी के जरिए उनकी सोने की अंगूठी ले ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए दो आरोपियों विनोद कुमार शर्मा निवासी नैनीताल और कालीचरण निवासी बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त विनोद शर्मा के खिलाफ गैर जनपदों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं साथ ही दूसरे अभियुक्त कालीचरण पर भी अन्य जनपदों में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आज इस मामले का खुलासा करते हुए गिरफ्तार कर दोनों ठगों को जेल भेज दिया है।
























