Badaun News: गंगा स्नान ड्यूटी के लिए जा रहे पांच पुलिसकर्मी सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, बिनावर थाने में तैनात सिपाही सावन दांगी, रोशन कुमार, अंकुर तथा महिला कांस्टेबल आरती और हिमांशी चौधरी तीन बाइकों पर सवार होकर गंगा स्नान ड्यूटी के लिए जा रहे थे। बता दें कि उसहैत थाना क्षेत्र के अटेना गंगा घाट पर श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जाते है।
रास्ते में एक बाइक आगे चल रही थी जबकि दो बाइक पीछे थी। आलापुर थाना क्षेत्र के ककराला कस्बे के पास आगे चल रही बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। जिससे तीनों बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार सभी पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद तुरंत स्थानीय लोग पहुंच गए। उनके द्वारा इस घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। फिलहाल सभी घायल पुलिसकर्मी चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
रिपोर्ट- सौरभ पाल (बदायूं)


