देवरिया: यूपी के देवरिया (Deoria) में आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहुंचे और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक और करीब 28 सालों तक जिलाध्यक्ष रहे सुरेश यादव के श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर खूब व्यंग के तीर छोड़े।
अखिलेश ने प्रदेश सरकार के सहयोगी मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी इशारों-इशारों में हमला बोला। वहीं, भाजपा के उपमुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें ‘दफ्ती सीएम’ तक कह दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने एआई से बनाए जा रहे गानों का जिक्र किया और कहा कि बाबा लैपटॉप चलाते नहीं हैं, उनका फेसबुक भी कोई और ही हैंडल करता होगा।
BJP में कई नेताओं के टिकट कटने वाले हैं: अखिलेश
अखिलेश यादव ने भाजपा की आंतरिक राजनीति को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में बड़े पैमाने पर विधायकों के टिकट कटने वाले हैं और पार्टी के नेता अपने ही नेताओं के टिकट कटवाने में लगे हुए हैं। उनके इस बयान ने आगामी चुनावों को लेकर सियासी चर्चाओं को हवा दे दी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला बोलते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीमार और बदहाल अस्पतालों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों से शिक्षा और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाएं छीनी जा रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर देवरिया में ऐसा जिला अस्पताल बनवाया जाएगा, जो गोरखपुर के अस्पताल से भी बेहतर होगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि गांवों में प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, जबकि शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने उसे ‘सेल्फ अटेस्टेड सनातन पार्टी’ बताया।
अखिलेश ने बताई राम मंदिर जाने की तारीख
वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन नहीं करने को लेकर पत्रकारों के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने केदारेश्वर धाम के निर्माण के बाद दर्शन करने जाने का संकल्प लिया था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के आयोजकों की पहल पर ब्राह्मणों से पूछकर दर्शन के लिए तारीख बता दी थी।
रकसा गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने जहां दिवंगत समाजवादी नेताओं के योगदान को याद किया, वहीं भाजपा सरकार की नीतियों, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने देवरिया में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा करते हुए आगामी चुनावों को लेकर भाजपा पर राजनीतिक हमला बोला।
रिपोर्ट: कृष्णा नन्द गुप्ता
























