देवरिया: यूपी के देवरिया (Deoria) में दो गाड़ियों के बीच मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निसार अहमद के रूप में हुई है।
8 नवंबर को की थी गोलीबारी
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर 2026 की रात करीब तीन बजे रेलवे स्टेशन के पास हुई थी। बताया जा रहा है कि सूरज सिंह की गाड़ी की एक स्कॉर्पियो से हल्की टक्कर हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने सूरज सिंह की गाड़ी का पीछा किया और फायरिंग कर दी। इस दौरान गाड़ी में मौजूद उनके भतीजे देव सिंह को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले में वांछित निसार अहमद को पुलिस ने कोतवाली तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी संजय कुमार रेड्डी ने गिरफ्तारी और घटना के संबंध में जानकारी दी है। देवरिया के कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत रेलवे स्टेशन के पास सूरज सिंह की गाड़ी, एक स्कार्पियो से हल्की सी टकरा गई। इसके बाद विवाद करते हुए स्कार्पियो सवार लोगों ने सूरज सिंह की गाडी का पीछा करते हुए फायरिंग की, जिससे सूरज सिर के भतीजे देव सिंह को गोली लग गई।
रिपोर्ट – कृष्णा नन्द गुप्ता

























