Deoria News: देवरिया में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों में कुल 29 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी अचानक सीएचसी लार पहुंचे। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका, ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 24 स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रसव केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके बाद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचे, जहां पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए।

डीएम ने अस्पताल की टूटी हुई बाउंड्री वॉल को जल्द ठीक कराने, जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में सुधार लाने और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लो-वोल्टेज की समस्या भी सामने आई, जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर लगाकर समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एक स्टाफ नर्स के सरकारी आवास में बिना आवंटन रहने की स्थिति मिलने पर जिलाधिकारी ने आवास खाली कराने का आदेश दिया। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

© 2026 Nation27

Exit mobile version