देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया (Deoria) जिले में धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। श्रीरामपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से ईसाई धर्म से जुड़ी कई सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को सूचना के आधार पर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया। आरोप है कि आरोपी गरीब और अशिक्षित महिलाओं को ईसा मसीह के विचारों और कथित चमत्कारों के बारे में बताते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा लोगों की परेशानियां दूर करने का दावा किया जाता था और कुछ मामलों में पैसे का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप सामने आया है।
बाइबल, क्रॉस वाले लॉकेट, अंगूठियां, माला बरामद
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बाइबल, क्रॉस वाले लॉकेट, अंगूठियां, माला, कैलेंडर, बैग समेत अन्य धार्मिक सामग्री बरामद करने का दावा किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कितने लोग शामिल हैं और धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट: कृष्णा नन्द गुप्ता
























