खबर देवरिया जनपद से है जहां आज उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा मुखिया पर प्रदेश की जनता की बजाय अपने परिवार के हितों की चिंता करने का आरोप लगाया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि जब-जब समाजवादी पार्टी को प्रदेश में सरकार बनाने का मौका मिला, तब-तब उसने सैफई परिवार की चिंता की। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का प्रदेश की जनता से कोई लेना-देना नहीं है।
ब्रजेश पाठक ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका चिंतन सिर्फ ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ तक सीमित रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग केवल कल्पना में जीते हैं, उनका यथार्थ से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बदल चुका है और विकास के पथ पर काफी आगे बढ़ चुका है। आज उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है और प्रदेश लगातार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है।
ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सबका विकास और जन-जन को साथ लेकर काम करती है।


