देवरिया जनपद में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पिता और बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने अपने ही पिता पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के लिए पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
दिल दहला देने वाली घटना देवरिया जनपद के सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव की है। गांव के रहने वाले राम अवतार राय से उनके बेटे सुनील राय ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। आरोप है कि पिता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटे ने लकड़ी के मुगड़े से पिता के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में रामअवतार राय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन ने घायल रामअवतार को नजदीकी महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, में इलाज के लिए भर्ती कराया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रामअवतार राय को मृत घोषित कर दिया। परिजनों की उम्मीदें टूट गईं और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें- नोएडा-दिल्ली चिल्ला बॉर्डर पर हाई अलर्ट, बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ बरहज रंजना सचान ने बताया कि सुरौली थाना क्षेत्र के बहोरवा गांव से सूचना मिली रामअवतार राय नाम के व्यक्ति की हत्या की खबर पुलिस को मिली थी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सुनील राय शराब पीने का आदि था। आज शराब खरीदने के लिए वह अपने पिता से पैसे मांगने पहुंचा। पिता रामअवतार ने पैसे देने से मना कर दिया था। जिसके बाद सुनील राय ने उनके सिर पर मुगड़े से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामअवतार राय को एंबुलेंस के द्वारा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर- कृष्ण नंद गुप्ता (देवरिया)
























