यूपी के सुल्तानपुर से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। विडियो में एक पिता अपनी मासूम बेटी को बेरहमी से पीट रहा है। बच्ची की पिटाई का यह वीडियो विचलित करने वाला है। आरोपी पिता बच्ची पर लात-घूंसों से लगातार वार कर रहा है, जबकि बच्ची पिता के चंगुल से बचने की कोशिश कर रही है। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पिता की हैवानियत
बच्ची को पीटने की एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पिता अपनी ढाई साल की मासूम बेटी को बेरहमी से पीट रहा है। बच्ची दर्द के कारण चिल्ला रही है, लेकिन उसके पिता का दिल नही पसीज रहा और वह लगातार बच्ची के शरीर पर वार किए जा रहा है। आरोपी पिता की क्रूरता यहीं नहीं रुकी और जब बच्ची उसके चंगुल से बचने की कोशिश कर रही थी तभी आरोपी ने उसे सड़क पर गिराकर लोगों के सामने पीटना शुरू कर दिया।
नाले में डुबोने की कोशिश
जब आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने बच्ची को गंदे नाले में डूबोने की भी कोशिश की। बच्ची लगातार अपने पिता से उसे छोड़ने की गुहार लगा रही है। एक पिता की हैवानियत देखकर पास खड़े लोगों ने बच्ची को उसके पिता के चंगुल से बचा लिया, लेकिन गुस्से में पागल हो चुके पिता ने लोगों को भला बुरा बोलना शुरु कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
मासूम बच्ची की पिटाई का यह मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के निराला नगर मोहल्ले का है। स्थानीय पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपी पिता मोनू उर्फ योगेंद्र के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। यूपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


