ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस को मृतक महेश के मोबाइल फोन से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें उसने अपनी और परिवार की मौत के लिए कुछ करीबी रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहराया है। नगला पदम सिंह गांव में शनिवार सुबह एक घर के भीतर पति-पत्नी और तीन बच्चे मृत अवस्था में मिले। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), 11 वर्षीय बेटे साक्षात उर्फ लड्डू, सात वर्षीय बेटी मिस्टी और तीन वर्षीय बेटे रियांश के रूप में हुई। सभी के शव बिस्तर पर पड़े थे। सुबह जब परिवार के लोग नहीं उठे, तब घटना का पता चला और इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक परिवार शुक्रवार रात बाहर से घर लौटा था। सभी ने भोजन किया और सोने चले गए। बताया जा रहा है कि रात के खाने में नूडल्स बने थे। अगली सुबह किसी भी सदस्य में जान नहीं थी।
जांच के दौरान पुलिस ने महेश का मोबाइल अपने कब्जे में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फोन में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इसमें महेश ने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर उर्फ चंद्रशेखर और छोटी बहन सपना को घटना का जिम्मेदार बताया है। रिकॉर्डिंग की सत्यता और उसमें कही गई बातों की पुलिस अपने स्तर पर पड़ताल कर रही है। पुलिस का साफ कहना है कि पांचों की मौत की असली वजह अभी तय नहीं हो सकी है। रिकॉर्डिंग में लगाए गए आरोप जांच का एक अहम हिस्सा जरूर हैं, लेकिन उन्हें अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों के मृत पाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों को बुलाया गया। टीमों ने घर से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। डॉक्टरों ने सभी शवों का विसरा सुरक्षित रखा है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। माना जा रहा है कि मौत के कारण का खुलासा इसी रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।
पुलिस अब कई पहलुओं पर काम कर रही है। भोजन की जांच, विसरा रिपोर्ट, मोबाइल की रिकॉर्डिंग और परिजनों के बयान, इन सबको आपस में मिलाकर देखा जाएगा। रिकॉर्डिंग में जिन लोगों के नाम आए हैं, उनसे भी पूछताछ की संभावना जताई जा रही है। गांव में मातम पसरा है। एक साथ पांच लोगों की मौत से ग्रामीण सदमे में हैं और हर कोई जानना चाहता है कि आखिर उस रात घर में क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद ही कोई नतीजा निकाला जाएगा।























