नोएडा: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए विदेशियों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी की जाती थी।
रिपोर्ट के मुताबिक यह फर्जी कॉल सेंटर सेंट्रल नोएडा के सेक्टर-142 में चल रहा था जहां पुलिस ने छापा मारकर इसका खुलासा किया है. पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने डेस्कटॉप और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लोगों को कैसे बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान मंसूरी रशीद, तरुण मिश्रा और चंद्रकांत के रूप में हुई है. इस फर्जी कॉल सेंटर के जरिए आरोपी विदेशों में रहने वाले ऐसे लोगों को कॉल करते थे, जिनका सिविल स्कोर खराब होने की वजह से उन्हें लोन नहीं मिल पाता था।
आरोपी उन्हें लोन दिलाने का झांसा देकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी करते थे। पकड़े गए आरोपी ई-सिम का इस्तेमाल कर विदेशियों को कॉल करते थे और उनसे डॉलर में पैसे वसूलते थे। इसके बाद आरोपी इन पैसों को चाइनीज करेंसी में तब्दील कर हवाला के जरिए कैश प्राप्त कर लेते थे।
सोसाइटी की फ्लैट में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को सेक्टर-142 थाना क्षेत्र के सेक्टर-138 स्थित एक सोसाइटी के तीसरे फ्लोर के फ्लैट से गिरफ्तार किया है। हालांकि, अब पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है कि आखिर इस फर्जी कॉल सेंटर में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट: यूनूस आलम


