नोएडा पुलिस ने दिल्ली पुलिस के फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी, फर्जी आई-कार्ड, मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक i20 कार भी बरामद की है। आरोपी दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नोएडा की सेक्टर-113 थाना पुलिस की गिरफ्त में खड़ा यह आरोपी राहुल सिंह है, जो मथुरा के कांतापुरी का रहने वाला है और नोएडा के सेक्टर-117 में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-117 के सर्विस रोड के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की पूरी वर्दी पहने हुए था। उसने वर्दी पर पी-कैप, नेम प्लेट और लाल रंग के जूते पहन रखे थे।
पुलिस को शक होने पर जब आरोपी से पूछताछ की गई तो वह सही से जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने उसने पूर्व में दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की परीक्षा दी थी, लेकिन वह पास नहीं हो सका। उसकी तमन्ना थी कि वह दिल्ली पुलिस का जवान बने, लेकिन परीक्षा में सफल नहीं होने के बाद उसने लोगों पर रौब जमाने के लिए वर्दी सिलाई और उसे पहनकर घूमने लगा, ताकि लोगों को वह दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर लगे।
पुलिस ने आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, पी-कैप, फर्जी आई-कार्ड, एक जोड़ी जूते, मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और मेट्रो कार्ड बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने उस i20 कार को भी जब्त कर लिया है, जिसमें आरोपी दिल्ली पुलिस का फर्जी सब-इंस्पेक्टर बनकर घूमता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

