ग्रेटर नोएडा की बिसरख थाना पुलिस ने फर्जी GST अधिकारी को उसके अन्य साथियो के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यूपी पुलिस की वर्दी पहनकर GST कंसल्टेंट को बंधक बनाने, एनकाउंटर का डर दिखाकर 29 लाख रुपये ऐंठने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दरोगा की वर्दी, जूते और दो गाड़ियां बरामद हुई हैं। आरोपियों ने करीब 20 दिन पहले GST कंसल्टेंट को घर से ऑफिस जाते समय बंधक बनाकर उससे 29 लाख रुपये ऐंठे थे।
सेंट्रल नोएडा की बिसरख थाना पुलिस की गिरफ्त में खड़े ये पांचों आरोपी कशिश चौहान उर्फ ईशु, राजेश पवार, विवेक शर्मा, अंकित शाही और अंशुल हैं। इन सभी ने बिसरख थाना क्षेत्र में रहने वाले GST कंसल्टेंट संदीप की करीब छह महीने तक रेकी की। इसके बाद करीब 20 दिन पहले घर से ऑफिस जाते समय ओवरटेक कर उसकी गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों ने खुद को GST अधिकारी बताया और बाकायदा पुलिस की दरोगा की वर्दी पहनकर उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने संदीप पर गलत तरीके से GST बिल काटकर रिफंड लेने का आरोप लगाया और कहा कि उसे लखनऊ चलना पड़ेगा।
आरोपी उसे बंधक बनाकर ग्रेटर नोएडा से नोएडा होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते लखनऊ की तरफ लेकर चल दिए। जेवर टोल प्लाजा पार करने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को एनकाउंटर का डर दिखाया और मामले को 50 लाख रुपये में सेटल करने की बात कही। इसके बाद पीड़ित ने अपने भाई को फोन कर 29 लाख रुपये की व्यवस्था कराई और आरोपियों को सौंप दिए। 29 लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को छोड़ दिया और फरार हो गए।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को जलपुरा गांव के पास स्थित इस्कॉन मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो गाड़ियां, दरोगा की वर्दी और जूते बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब साढ़े चार लाख रुपये की कीमत की वह ज्वेलरी भी बरामद की गई है, जिसे आरोपियों ने फाइनेंस के पास गिरवी रखी ज्वेलरी को इन्हीं पैसे से छुटाई थी। पुलिस ने सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।


