यह अंडरपास सूरजपुर की तरफ से गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों के लिए बनाया गया है। इसकी लंबाई 700 मीटर से अधिक है और यह छह लेन का अंडरपास करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसके शुरू होने से ग्रेटर नोएडा से नोएडा वेस्ट होते हुए दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब जिस रास्ते पर जाम के चलते लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था, वहां से महज 5 से 10 मिनट में अपने गंतव्य तक पहुंचना आसान हो सकेगा। आज इस अंडरपास को तीन दिनों के ट्रायल के तौर पर आम जनता के लिए खोल दिया गया है। ट्रायल के दौरान यदि कोई खामी सामने आती है तो उसे दूर किया जाएगा। इसके बाद विधिवत रूप से इसका उद्घाटन किया जाएगा।
अंडरपास को आकर्षक रूप देने के लिए इसके अंदर खूबसूरत चित्रकलाएं भी बनाई गई हैं। वहीं, बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचाने के लिए अंडरपास के ऊपर की तरफ विशेष शेड बनाए गए हैं। इसके अलावा पानी की निकासी के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और पंपिंग सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है, ताकि बारिश के दौरान अंडरपास में पानी जमा न हो। वहीं, अंडरपास खुलने से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भी खुशी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि चार मूर्ति चौक पर जाम के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग जाता था, लेकिन अब अंडरपास शुरू होने से उनका सफर आसान होगा और कुछ ही मिनटों में वे अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।
यह भी पढ़ें- नोएडा में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा! ई-कॉमर्स पार्सल की आड़ में कारोबार, एयरपोर्ट इंजीनियर गिरफ्तार
@Nation27

























