Luharli Toll Plaza: हूटर बजाते हुए लगभग एक दर्जन गाड़ियों ने टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ दिया। जब टोल प्लाजा कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने कर्मचारियों की पिटाई कर दी। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
ग्रेटर नोएडा स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों की दबंगई देखने को मिली। लगभग एक दर्जन गाड़ियों का काफिला हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा पहुंचा, जहां टोल मांगे जाने पर गाड़ियों में सवार लोगों ने बैरियर तोड़ दिया। सभी गाड़ियां बिना टोल दिए प्लाजा से निकल गईं।
बैरियर तोड़े जाने पर टोल प्लाजा कर्मियों ने इसका विरोध किया। इस पर गाड़ियों में बैठे दबंगों ने विरोध करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। टोल मैनेजर ने घटना की शिकायत दादरी थाना पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि सभी आरोपी गाडियों से बुलंदशहर की चंदरु जेल से छूटे अपने साथी को लेकर गाजियाबाद के बम्हेटा जा रहे थे। शिकायत मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली है। वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ियों की नंबर प्लेट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
वीडियो लिंक-
https://x.com/Nation27Digital/status/2064952069916909766?s=20
रिपोर्ट- यूनुस आलम (ग्रेटर नोएडा)


