यह मार्ग आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ता है, लेकिन लोग दूषित पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर धरना देने का ऐलान किया है।
अंडरपास में भरा यह पानी ग्रेटर नोएडा के बम्बावड गांव के बाहर का है। यह अंडरपास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे का है, जिसमें बरसात के बाद पानी भर जाता है। यहां पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लंबे समय तक जलभराव बना रहता है। इस पानी से होकर हजारों ग्रामीण और वाहन गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण के दौरान लापरवाही बरती गई और अंडरपास को नीचे बना दिया गया, जिसके चलते यहां हमेशा पानी भरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिलाधिकारी को भी लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपने संगठन के साथ ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
वह स्थानीय निवासी डॉक्टर अजय पाल का कहना है कि यहां से दिन में दो-तीन बार गुजरना होता है अब इस पानी से गुजरने की आदत बन गई है आए दिन अंडर पास में भरे पानी में वाहन खराब हो जाते हैं कई बार प्रशासन से इसकी शिकायत की है लेकिन समाधान नहीं हो पाया है


