गाजियबाद स्थित राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट बुकिंग के नाम पर निवेशकों से 29 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में नंदग्राम पुलिस ने पांच महिलाओं समेत दस आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने एएसआर रियलटेक के निदेशक संदीप कुमार गुप्ता, पीके गुप्ता, राइट अर्थ इंफ्रा के डायरेक्टर वरुण मक्कर, सेल्स प्रतिनिधि दीपक शर्मा उर्फ नितिन शर्मा, रेनू सिंघल, अंकुर सिंघल, शिवानी, सारिका, सुरभि शर्मा और दीपक शर्मा की पत्नी मानसी शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एएसआर सेंट्रल एवेन्यू और एलीट होम्स परियोजनाओं में फ्लैट और व्यावसायिक यूनिट दिलाने का झांसा देकर निवेशकों से 29.41 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी की तरफ से न तो समय पर कब्जा दिया गया और न ही रकम वापस की गई।
पीड़ित 39 निवेशक गाजियाबाद के नंदग्राम थाने पहुंचे और पुलिस को दी शिकायत में बताया कि परियोजनाओं का आकर्षक वादों के साथ बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया था। निवेशकों से बुकिंग और किस्तों के रूप में करोड़ों रुपये लिए गए। बाद में परियोजनाएं पूरी नहीं हुईं और निवेशकों को लगातार आश्वासन देकर टाल समय को बढ़ाया गया।
Author- सोनू सिंह


