गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। लोनी-भोपुरा मार्ग पर लोनी ब्लॉक के सामने सड़क पर स्थित करीब 15 साल पुरानी मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था सुचारु करने और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन द्वारा की गई। गाजियाबाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेगे।
रिपोर्ट- अंकित मंडार/सोनू सिंह


