गाजियाबाद: दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से रुड़की जा रही यात्रियों से भरी एक बस गंगनहर के पास अनियंत्रित होकर पिलर नंबर 969 से टकराने के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में करीब 23 यात्रियों के घायल होने की सूचना है, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में 23 लोग घायल
बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस सीधे गंगनहर के पिलर नंबर 969 से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे।
दुर्घटना में ड्राइवर सहित करीब 23 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए पास के सीएचसी और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ड्राइवर को आई झपकी
जानकारी के मुताबिक, रुड़की डिपो की बस दिल्ली के आईएसबीटी से रुड़की के लिए रवाना हुई थी। बस में कुछ स्थानीय यात्री भी सवार थे, जबकि अधिकांश यात्री रुड़की जा रहे थे। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा चालक की लापरवाही, नींद की झपकी या बस में किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ ।
दो यात्रियों की हालत गंभीर
फिलहाल, इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। करीब 23 यात्रियों के घायल होने की जानकारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट: आदर्श कुमार
























